छत्तीसगढ़

रुपए के लालच में तार-तार इंसानियत, वृद्धा की हत्या

मिले सिर्फ 2 हजार रुपए, दम्पत्ति सहित 3 आरोपी गिरफ्तार


मुंह में कपड़ा ठूंसकर रस्सी से गला घोंटा, हत्या के बाद रुपए बांट लिए

कोरबा। कोरबी चौकी क्षेत्र में दो दिन पहले सामने आए वृद्धा भगमनिया बाई हत्याकांड की पुलिस ने गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने मामले में एक दम्पत्ति सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने रुपए के लालच में हत्या की साजिश रची थी, लेकिन वृद्धा के घर से उन्हें सिर्फ 2 हजार रुपए मिले। हत्या के बाद तीनों ने रकम आपस में बांट ली।


पुलिस के मुताबिक 19 नवंबर की रात से 20 नवंबर की सुबह के बीच भगमनिया बाई की हत्या की गई थी। उसके गले में नायलोन की रस्सी कसी मिली थी और मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। फोरेंसिक एक्सपर्ट व पुलिस डॉग बाघा की भी मदद ली गई। बाघा ने गांव के तालाब तक दौड़ लगाकर अपने स्तर पर सुराग दिया।


चरवाहे पर गहराया सन्देह पुष्ट हुआ


इसके बाद पुलिस की जांच के दौरान मृतका के यहां गाय चराने का काम करने वाले इंद्रपाल अगरिया पर संदेह हुआ। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि घटना वाले दिन इंद्रपाल मृतका से गाय चराने के काम के 500 रुपए लेने गया था। वहां उसके साथ देव कुमार मरकाम और इंद्रपाल की पत्नी राजकुमारी भी मौजूद थी। इसी दौरान आरोपियों को मृतका की पेटी में काफी रुपए होने का संदेह हुआ। इसके बाद तीनों ने देर रात घर में घुसकर रुपए चोरी करने की योजना बनाई। योजना के मुताबिक देव कुमार को बाहर खड़ा किया गया, जबकि इंद्रपाल अपनी पत्नी राजकुमारी के साथ घर के भीतर गया।


सोते वक्त दिया अंजाम

पुलिस के बताए अनुसार भगमनिया बाई के सोने के दौरान इंद्रपाल ने उसके हाथ पकड़े और राजकुमारी ने मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसके पैर पकड़ लिए। इसके बाद घर में मिली नायलोन की रस्सी से उसका गला कस दिया गया। हत्या के बाद पेटी और बैग की तलाशी लेने पर आरोपियों को 2 हजार रुपए मिले, जिन्हें तीनों ने आपस में बांट लिया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर पुलिस टीम और साइबर सेल को भी जांच में लगाया गया था। जांच के बाद पुलिस ने इंद्रपाल अगरिया, उसकी पत्नी राजकुमारी अगरिया और देव कुमार मरकाम को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को 22 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


कार्रवाई में चौकी प्रभारी सउनि सुरेश कुमार, साइबर सेल के उपनिरीक्षक अजय सोनवानी सहित चौकी कोरबी एवं रक्षित केंद्र के पुलिसकर्मियों का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button