Uncategorized

ट्रेलर में 200 से ज्यादा यात्रियों को भरकर ले जा रहा चालक गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 

रायपुर। जिले के खरोरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मालवाहक ट्रेलर में 200 से अधिक यात्रियों को भरकर ले जा रहे चालक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर की गई। जानकारी के अनुसार, 20 मार्च 2026 की रात लगभग 8 बजे तिगड्डा चौक खरोरा में नियमित वाहन चेकिंग के दौरान ट्रेलर क्रमांक CG 04 PP 8113 को रोका गया। जांच में पाया गया कि वाहन में 200–250 यात्री सवार थे, जो बेमेतरा जिले के ग्राम बहेरघर के निवासी हैं और रायगढ़ स्थित मां चन्द्रहासिनी देवी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे।

 

 

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि चालक शोभित राम निषाद (30 वर्ष) वाहन को तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। इतनी बड़ी संख्या में यात्रियों को मालवाहक वाहन में बैठाकर ले जाना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की जान को खतरे में डालने जैसा है।

 

 

पुलिस के अनुसार, वाहन रोकने पर चालक ने ड्यूटी में तैनात स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार किया और समझाइश के बावजूद आक्रामक रवैया अपनाया। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि भी मौजूद हो गए, जिन्होंने पुलिस कार्रवाई का समर्थन किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 281 भारतीय न्याय संहिता (BNS) और धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 

 

वहीं, वाहन में सवार सभी यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कर 2 बस और 5 क्रूजर वाहनों से उन्हें सुरक्षित उनके गांव के लिए रवाना किया।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे मालवाहक वाहनों में यात्रा करने से बचें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

आरोपी : शोभित राम निषाद पिता प्रेमलाल निषाद उम्र-30 वर्ष पता- ग्राम बहेरघट थाना बेमेतरा जिला-बेमेतरा

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button