छत्तीसगढ़

फर्जी मृत्यु प्रमाण-पत्र बनवाकर जमीन हड़पने कि कोशिश

जांजगीर-चांपा अकलतरा थाना पुलिस ने जमीन पर कब्जा करने के लिए फर्जी मृत्यु प्रमाण-पत्र तैयार कराने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

थाना अकलतरा में प्रार्थिया अर्चना खण्डेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पति रामेश्वर प्रसाद खण्डेल की मृत्यु 20 सितम्बर 2022 को जिला अस्पताल दंतेवाड़ा में हुई थी।

लेकिन उनके देवर देवेन्द्र खण्डेल (32 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 16, मंडी रोड अकलतरा, ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर झूठा शपथपत्र और आवेदन तैयार किया तथा यह दर्शाया कि रामेश्वर प्रसाद की मृत्यु अकलतरा में हुई है। इसके आधार पर आरोपी ने नगर पालिका अकलतरा से फर्जी मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी करा लिया।

इतना ही नहीं, आरोपी ने इस फर्जी प्रमाण-पत्र और शपथपत्र का उपयोग तहसील न्यायालय अकलतरा में राजस्व प्रकरण 2022-23 में करते हुए यह तक कहा कि प्रार्थिया ने दूसरा विवाह कर लिया है। जबकि वास्तविक मृत्यु प्रमाण-पत्र दंतेवाड़ा से जारी हुआ था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अकलतरा प्रदीप सोरी (रा.पु.से.) ने आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी देवेंद्र खण्डेल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा एवं उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button