छत्तीसगढ़

फोटो कॉपी दुकान में चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, नगदी और मोबाइल बरामद

 

रायपुर ।   कलेक्ट्रेट परिसर स्थित एक फोटो कॉपी दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की नगदी राशि एवं मोबाइल फोन बरामद किया गया है। आरोपी पूर्व में भी चोरी की एक दर्जन से अधिक घटनाओं में जेल जा चुका है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी सुनील मिश्रा ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी प्रतीक्षा फोटो कॉपी दुकान, जो कलेक्ट्रेट परिसर में जिला अभियोजन कार्यालय के पास स्थित है, में 02 एवं 03 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोर द्वारा दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। चोर ने दराज में रखी नगदी रकम एवं एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया था। मामले में थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 66/26 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

 

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच प्रारंभ की गई। पुलिस टीम ने प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।

 

सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन के दौरान पुलिस को संदिग्ध की पहचान करने में सफलता मिली। आरोपी की पहचान मोहम्मद इजहान खान, निवासी राजा तालाब, नई बस्ती, थाना सिविल लाइन के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।

 

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से 1200 रुपये नगद एवं एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद इजहान खान एक शातिर चोर है, जो पूर्व में रायपुर जिले के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के एक दर्जन से अधिक मामलों में जेल निरुद्ध रह चुका है।

गिरफ्तार आरोपी का नाम मोहम्मद इजहान खान पिता स्वर्गीय मुस्ताक खान, उम्र 28 वर्ष, निवासी ईएलसी चर्च के पास, राजा तालाब, नई बस्ती, थाना सिविल लाइन, रायपुर बताया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button