छत्तीसगढ़

रायगढ़ में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, नाली में मिला शव

 

रायगढ़  ।   शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक 40 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालत में मौत का मामला सामने आया है। गौशाला मार्ग स्थित महिला समृद्धि बाजार के पीछे नाली में युवक का शव औंधे मुंह पड़ा मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। उसके शरीर पर केवल बनियान और जांघिया थी, जबकि सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, कुछ युवक समृद्धि बाजार की छत पर चढ़ रहे थे, तभी उनकी नजर नीचे नाली में पड़े व्यक्ति पर पड़ी। करीब जाकर देखने पर युवक के हिलने-डुलने का कोई संकेत नहीं मिला, जिसके बाद स्थानीय लोगों और पार्षद को सूचना दी गई। थोड़ी ही देर में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाली से बाहर निकलवाया।

जांच के दौरान बाजार की छत पर मृतक की शर्ट, पैंट और चप्पल मिली, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह छत से गिरा होगा। हालांकि, यह हादसा था या कोई अन्य कारण, इस पर पुलिस अभी स्पष्ट निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।

स्थानीय लोगों से पूछताछ में मृतक की पहचान सरिया निवासी अविनाश शर्मा (40) के रूप में हुई है, जो गौशाला चौक स्थित एक विवाह घर में ड्राइवर का काम करता था। पुलिस को आशंका है कि वह नशे की हालत में गिरा हो सकता है, लेकिन चोटों को देखते हुए मामले को संदिग्ध मानकर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button