छत्तीसगढ़

रायगढ़ में रेलवे स्टेशन के बाहर दंपति से मारपीट: आरोपी गिरफ्तार

 

 

रायगढ़। रेलवे स्टेशन के बाहर महिला और उसके पति के साथ मारपीट की घटना में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 12 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है, साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पृथक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।

 

मामले की जानकारी मीडिया के माध्यम से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के संज्ञान में आई। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कोतवाली थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निर्देश मिलते ही थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ितों की तलाश शुरू की। खोजबीन के बाद पीड़िता पूजा यादव (25) और उसके पति पवन यादव से संपर्क कर घटना की जानकारी ली गई, जिसमें चार व्यक्तियों द्वारा विवाद के बाद मारपीट किए जाने की पुष्टि हुई।

 

 

पीड़ित पवन यादव ने लिखित शिकायत में बताया कि वह रायपुरा चंगोराभांठा, थाना डीडीनगर, रायपुर का निवासी है और पिछले शनिवार को पत्नी व दो बच्चों के साथ फुग्गा बेचने रायगढ़ आया था। 12 फरवरी की रात करीब 7 बजे रेलवे स्टेशन के बाहर मोटर पार्किंग के सामने वह पत्नी के साथ भोजन बना रहा था। इसी दौरान कुछ लोग गिलास मांगने लगे। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसकी पत्नी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पर उसे भी पीटा गया।

 

 

शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 64/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर चारों आरोपियों—शशि कुमार पासवान (25), राकेश कुमार पासवान (24), रोशन भारती उर्फ पप्पू (29) और पप्पू पासवान (50)—को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी जिला बेगूसराय, बिहार के निवासी हैं और वर्तमान में रेलवे कॉलोनी रायगढ़ में रह रहे थे। पीड़िता और उसके पति ने आरोपियों की पहचान मारपीट करने वालों के रूप में की है।

 

 

पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थलों पर मारपीट, दुर्व्यवहार और गुंडागर्दी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में त्वरित और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी आपराधिक या असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button