बच्चे को डंडे से मारने वाला प्रधान पाठक निलंबित

बिलाईगढ़ । नगर पंचायत भटगांव स्थित शासकीय प्राथमिक शाला इंदिरा नगर “द” में दूसरी कक्षा के छात्र को डंडे से मारने के आरोपी प्रधान पाठक संजीव कुमार जायसवाल को निलंबित कर दिया गया है। गौरतलब है कि स्कूल में एक मासूम छात्र के सिर पर डंडे से वार कर घायल करने का मामला सामने आया था।
घटना में बच्चे का सिर फट गया था और उसकी यूनिफॉर्म खून से भीग गई थी। परिजनों ने स्कूल पहुंचकर विरोध दर्ज कराया था और सख्त कार्रवाई की मांग की थी। जिला शिक्षा अधिकारी ने प्राथमिक जांच के आधार पर प्रधान पाठक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
जांच पूरी होने तक संबंधित शिक्षक को मुख्यालय बिलाईगढ़ विकास खंड शिक्षा अधिकारी नियत किया गया है। स्थानीय लोगों और परिजनों ने इस कार्रवाई का स्वागत किया है, लेकिन निष्पक्ष जांच और दोष सिद्ध होने पर कड़ी सजा की मांग भी की है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



