छत्तीसगढ़

मुंगेली पुलिस ने 53 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 5 आरोपी को किया गिरफ्तार

 

मुंगेली। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना जरहागांव क्षेत्र में ब्राउन शुगर की बिक्री करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन समेत कुल करीब 3.81 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है। सभी आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

 

यह कार्रवाई भारत सरकार के “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” अभियान और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (IPS) के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जरहागांव के कुछ युवक श्मशान घाट के पास ब्राउन शुगर बेचने के लिए एकत्रित हुए हैं।

 

 

सूचना के आधार पर साइबर सेल और थाना जरहागांव पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से अलग-अलग पारदर्शी पॉलिथीन में कुल 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.65 लाख रुपये है। इसके अलावा छह मोबाइल फोन, एक होंडा साइन मोटरसाइकिल और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन भी जब्त की गई।

पूछताछ में मुख्य आरोपी समीर कश्यप ने स्वीकार किया कि वह उत्तर प्रदेश के नैनी, प्रयागराज से नगद और ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से ब्राउन शुगर खरीदकर लाता था और अपने साथियों के साथ मिलकर क्षेत्र में इसकी बिक्री करता था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 32/2026 धारा 21(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

 

गिरफ्तार आरोपियों में समीर कश्यप (24 वर्ष), सियाराम कश्यप (25 वर्ष), विरेन्द्र श्रीवास (34 वर्ष), लोकेश उर्फ लक्की कश्यप (35 वर्ष) और रविशंकर कश्यप उर्फ बब्बा (27 वर्ष) शामिल हैं, जो सभी जरहागांव क्षेत्र के निवासी हैं।

इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिन्हा, थाना प्रभारी जरहागांव उपनिरीक्षक सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशे की तस्करी या बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button