टांगी से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

जांजगीर चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र में हत्या की नियत से टांगी से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3) और 109(1) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कुरदा निवासी कीर्तन पटेल (32 वर्ष) गुरुवार को आहत सुखराम पटेल के घर के पास पहुंचकर गाली-गलौज कर रहा था। जब सुखराम पटेल ने उसे ऐसा करने से मना किया, तो आरोपी आवेश में आकर अपने घर गया और वहां से एक छोटी टांगी लेकर वापस आया।
बताया गया कि आरोपी ने “आज तुझे जान से मार दूंगा” कहते हुए सुखराम पटेल के सिर पर टांगी से प्राणघातक हमला कर दिया। इस हमले में सुखराम पटेल के सिर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद घायल को इलाज के लिए बीडीएम अस्पताल चांपा में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलने पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 90/26 के तहत धारा 296, 351(3) और 109(1) BNS के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया और घटना में प्रयुक्त टांगी भी अपने घर से निकालकर पुलिस के सामने पेश की, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक उमेंद्र मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक बी.पी. खांडेकर, आरक्षक मुंद्रिका दुबे, वीरेश सिंह, गौरीशंकर रॉय, खेमचरण राठौर और कैलाश यादव का सराहनीय योगदान रहा।



