किराये पर दिए वाहनों के मामले में बड़ी कार्रवाई, 10 वाहन मालिकों को वापस मिले वाहन

रायपुर। किराये पर दिए गए वाह का किराया न मिलने और वाहन वापस नहीं किए जाने की शिकायतों पर रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 वाहन मालिकों को उनके वाहन वापस दिलाए हैं। यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में की गई।
पुलिस को पिछले कुछ दिनों से लगातार वाहन मालिकों द्वारा शिकायतें मिल रही थीं कि उन्होंने अपने वाहन किराये पर दिए थे, लेकिन न तो उन्हें किराया मिल रहा था और न ही वाहन वापस मिल रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी गुर्जर ने स्वयं शिकायतों का अवलोकन कर वाहन मालिकों से विस्तृत जानकारी ली।
जांच में सामने आया कि वाहन मालिकों ने अपने वाहन स्वेच्छा से आमासिवनी निवासी प्रेमराज साहू के माध्यम से किराये पर चलाने के लिए दिए थे। वाहनों का किरायानामा शशिकांत यादव और रोहित नामक व्यक्तियों के साथ किया गया था। इसके बावजूद तय शर्तों का पालन नहीं किया गया, जिससे वाहन मालिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस द्वारा दस्तावेजों और तथ्यों की गहन जांच के बाद 25 मार्च 2026 को कार्रवाई करते हुए कुल 10 वाहनों को बरामद कर संबंधित वाहन मालिकों को सुपुर्द किया गया। इनमें एर्टिगा, किया सोनेट, हुंडई औरा, मारुति बलेनो, स्कॉर्पियो, मारुति फ्रॉन्क्स, ब्रेजा और हुंडई वेन्यू जैसे वाहन शामिल हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित वाहन मालिकों को राहत मिली है। साथ ही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के मामलों में सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या अनुबंध उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



