छत्तीसगढ़

रेलवे ट्रैक किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी, मौत के कारणों की जांच जारी

 

 

कोरबा। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत उरांव बस्ती के पास रेलवे ट्रैक किनारे गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह करीब 10 बजे शव देखे जाने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मानिकपुर चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेलवे ट्रैक पर कार्य कर रहे मजदूरों ने सुबह युवक को ट्रैक किनारे एक पैर के ऊपर दूसरा पैर रखकर लेटे हुए देखा था। पास में पानी की बोतल भी रखी हुई थी, जिससे उन्हें लगा कि युवक आराम कर रहा है। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर जब लोग उसके पास पहुंचे, तब पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक के नाक से झाग निकल रहा था।

सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने घटनास्थल पर जांच कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि युवक पिछले कुछ दिनों से आसपास घूमता हुआ देखा गया था।

 

पुलिस को आशंका है कि मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ था और संभवतः उसकी मौत भूख या अन्य कारणों से हुई हो सकती है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

 

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि कोरबा रेलवे का अंतिम स्टेशन होने के कारण अक्सर मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों को ट्रेनों में बैठा दिया जाता है, जिससे वे यहां पहुंच जाते हैं। इस कारण क्षेत्र में ऐसे लोगों की संख्या बढ़ने की बात भी सामने आ रही है।

 

 

मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि पुलिस एवं फोरेंसिक टीम द्वारा जांच की जा रही है। युवक की पहचान और मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button