छत्तीसगढ़

प्रॉपर्टी के लालच में हुई थी रिटायर्ड शिक्षा अधिकारी की हत्या, भाई ही निकले मास्टरमाइंड

लोरमी। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में रिटायर्ड शिक्षा अधिकारी दामोदर सिंह राजपूत की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस हत्याकांड के पीछे कोई और नहीं, बल्कि मृतक के सगे और चचेरे भाई ही मास्टरमाइंड निकले। पुलिस ने मामले में 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 4 नाबालिग भी शामिल हैं।

प्रॉपर्टी के लालच में रची गई साजिश
एसएसपी भोजराम पटेल के अनुसार, मृतक के सगे भाई रणजीत और चचेरे भाई रामपाल ने करोड़ों की संपत्ति हड़पने के लिए हत्या की साजिश रची थी। दोनों ने सुपारी देकर हत्या करवाई। सुपारी किलर्स ने गमछे से गला घोंटकर दामोदर सिंह राजपूत की हत्या कर दी।

जंगल में दफन मिला था शव
दामोदर सिंह 21 मार्च को मुंगेली-लोरमी मार्ग से लापता हो गए थे। बाद में उनका शव कवर्धा जिले के पंडरिया क्षेत्र के जंगल में जमीन के अंदर दफन हालत में मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर परिजनों से शिनाख्त करवाई, जिसमें पत्नी और बच्चों ने पहचान की।

पूछताछ में खुला पूरा राज
शुरुआत में पुलिस ने 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया था। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर जंगल से शव बरामद किया गया और पूरे षड्यंत्र का खुलासा हुआ।

जांच जारी, सभी आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने हत्या में शामिल सभी 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पंडरिया थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं लोरमी के लालपुर थाने में दर्ज गुमशुदगी के मामले को अब हत्या में बदलकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है, जहां संपत्ति के लालच में अपनों ने ही इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button