कार में छिपाकर ले जाया जा रहा था गांजा, एक आरोपी गिरफ्तार

सरिया। थाना सरिया पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 08 किलो 335 ग्राम अवैध गांजा तथा तस्करी में प्रयुक्त एक फोर्ड क्लासिक कार सहित कुल ₹3 लाख की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देश पर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडेय तथा उप पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सफलता हासिल की।
घटना का विवरण
दिनांक 04 अक्टूबर 2025 को सरिया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फोर्ड क्लासिक कार (क्रमांक MH 04 GD 3812) में एक व्यक्ति उड़ीसा से गांजा लेकर सरिया की ओर आ रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने थाना परिसर के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार के गुप्त चेंबर से 08 किलो 335 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उड़ीसा के बौद्ध जिला से गांजा खरीदकर देवास (मध्य प्रदेश) ले जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी गोविंद सिंह पिता हरिराम (उम्र 38 वर्ष), निवासी गौरव नगर, देवास (म.प्र.) को गिरफ्तार कर लिया।
जप्त संपत्ति
08 किलो 335 ग्राम गांजा, कीमत ₹85,000
फोर्ड क्लासिक कार (MH 04 GD 3812), कीमत ₹2,00,000
एक मोबाइल फोन, कीमत ₹15,000
कुल जप्त संपत्ति – ₹3,00,000 (लगभग)
आरोपी के खिलाफ थाना सरिया में अपराध क्रमांक 228/2025, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम का योगदान
कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, सहायक उपनिरीक्षक सुमन चौहान, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र सिदार, आरक्षक सत्यम मंडलोई, श्रवण टंडन, राजकुमार अनुज सिदार, प्यारे साव, दिलीप स्नेही, नर्मदा यादव एवं संपूर्ण पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।