रायपुर पुलिस ने पकड़ा अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह, 56 किलो गांजा बरामद

रायपुर। राजधानी रायपुर के थाना डी.डी. नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ओडिशा से अमरावती (महाराष्ट्र) तक सप्लाई करने वाले तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 56 किलो गांजा, एक KIA कार और मोबाइल फोन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 31 अक्टूबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुंदर नगर मैदान के पास एक सफेद रंग की कार में अवैध रूप से गांजा रखा गया है।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर लाल उमेद सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) दौलत राम पोर्ते और नगर पुलिस अधीक्षक (पुरानी बस्ती) राजेश देवांगन के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच, साइबर यूनिट और थाना डी.डी. नगर की संयुक्त टीम ने सुंदर नगर क्षेत्र में दबिश दी।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा और पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने बताया कि आरोपिया द्वारा उन्हें मोबाइल पर वाट्सऐप लोकेशन भेजी जाती थी, जहां गांजा छोड़ने की जगह बताई जाती थी। आरोपियों के कब्जे से तीन बोरियों में कुल 56 किलो गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में राजू बेरिया (37 वर्ष) निवासी बाजार पारा, खारियार रोड, नुवापाड़ा (ओडिशा), गगन मांझी (23 वर्ष) निवासी सिरतूल इरिगेशन कॉलोनी, नुवापाड़ा (ओडिशा) और लक्ष्मी चौहान (30 वर्ष) निवासी एयरण्ड, थाना चांदुर रेलवे, अमरावती (महाराष्ट्र) शामिल हैं। वहीं अर्चना चौहान नामक एक आरोपिया फरार बताई गई है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह ओडिशा से बड़ी मात्रा में गांजा लाकर महाराष्ट्र के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करता था। सौदे की जानकारी और डिलीवरी की जगह मोबाइल पर लोकेशन भेजकर तय की जाती थी।
इस कार्रवाई में क्राइम ब्रांच, साइबर यूनिट और थाना डी.डी. नगर पुलिस की टीम की संयुक्त भूमिका सराहनीय रही। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है।



