नेशनल हाईवे-130 पर लूट की वारदात का रतनपुर पुलिस ने किया खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। थाना रतनपुर क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-130 पर हाईवे किंग ढाबा के पास हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का रतनपुर पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूट में प्रयुक्त दो कारों सहित लूटा गया पूरा मशरूका बरामद कर लिया है।
घटना दिनांक 01 फरवरी 2026 की रात लगभग 3:35 बजे की है। प्रार्थी विजय कुमार राज (48 वर्ष), निवासी तिवरता, थाना दीपका, जिला कोरबा, अपनी तीन महिला रिश्तेदारों के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से बिल्हा क्षेत्र में मेला देखकर लौट रहे थे। रतनपुर के पहले नेशनल हाईवे पर स्थित हाईवे किंग ढाबा के पास पेशाब के लिए गाड़ी रोकने पर दो कारों में सवार चार आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने मारपीट कर स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल फोन और महिला पर्स में रखे करीब 7–8 हजार रुपये लूट लिए।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना रतनपुर में अपराध क्रमांक 76/26 धारा 126(2), 309(4), 3, 5 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिस पर पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्रीमती नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रतनपुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जिला कोरिया एवं अंबिकापुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि प्रार्थी द्वारा तंत्र विद्या और पूजा-पाठ से पैसे बढ़ाने का झांसा देकर उनसे 2.5 लाख रुपये की ठगी की गई थी। जब आरोपियों ने रकम वापस मांगी और नहीं मिली, तो उन्होंने पीछा कर रतनपुर के ग्राम मदनपुर के पास नेशनल हाईवे पर मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल फोन और 8 हजार रुपये नकद सहित कुल 2 लाख 28 हजार रुपये का मशरूका शत-प्रतिशत बरामद किया। साथ ही घटना में प्रयुक्त क्रेटा और अर्टिगा कार तथा चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (उप पुलिस महानिरीक्षक) ने स्पष्ट कहा है कि झाड़-फूंक या तंत्र विद्या के माध्यम से रुपये डबल करने का झांसा देने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और ऐसे मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज की जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उप निरीक्षक मेलाराम कठोतिया, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली तथा आरक्षक शशिकांत तिवारी, मनीष जायसवाल और देवानंद चंद्राकर की विशेष भूमिका रही।



