छत्तीसगढ़

चरित्र लांछन से नाराज दो महिलाओं ने महिला को बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला

गरियाबंद।   जिले के विकासखण्ड मैनपुर अंतर्गत शोभा थाना क्षेत्र के ग्राम गरीबा में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। इस सनसनीखेज घटना में गांव की ही दो महिलाओं ने मिलकर एक महिला की नृशंस हत्या कर दी।

 

 

आरोप है कि हत्या से पहले मृतिका के साथ अमानवीय अत्याचार किया गया और फिर लात-घूंसे, डंडे से पीट-पीटकर उसकी जान ले ली गई।

मिली जानकारी के अनुसार, ओडिशा सीमा से लगे ग्राम गरीबा से लगभग 800 मीटर दूर ईचरादी खेत की लारी में रहने वाली सुमित्रा नेताम (37 वर्ष), पति दलसुराम नेताम की गांव की ही दो महिलाओं सुगंतिन नेताम (36 वर्ष) और ईतवारिन बाई (46 वर्ष) से पहले मित्रता थी। तीनों के बीच एक-दूसरे के घर आना-जाना था, लेकिन धीरे-धीरे यह मित्रता आपसी विवाद और झगड़े में तब्दील हो गई।

 

 

बताया जा रहा है कि सुमित्रा नेताम गांव-गांव घूमकर दोनों महिलाओं के चरित्र को लेकर तरह-तरह की लांछन लगाती थी, जिससे आरोपी महिलाएं काफी समय से मानसिक रूप से परेशान और नाराज थीं। इसी रंजिश के चलते दोनों आरोपी महिलाओं ने सुमित्रा नेताम की हत्या की साजिश रची।

घटना के दिन दोनों महिलाएं पहले से सुमित्रा नेताम की लारी में पहुंचीं और वहां उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने मृतिका के गुप्तांग में मिर्ची और अन्य ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे गंभीर रूप से प्रताड़ित किया, जिससे वह तड़पती रही। इसके बाद लात-घूंसे और डंडे से बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई।

 

 

घटना की सूचना ग्राम सरपंच द्वारा पुलिस को दी गई। क्षेत्र के दूरस्थ और नक्सल प्रभावित होने के कारण पुलिस 02 फरवरी को मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच की। पुलिस ने मृतिका सुमित्रा नेताम का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।

 

 

शोभा थाना प्रभारी एवं एएसआई नकुल सिदार ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतिका द्वारा लगातार चरित्र लांछन लगाए जाने से नाराज होकर सुगंतिन नेताम और ईतवारिन बाई ने इस जघन्य हत्या को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपी महिलाओं से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भय व आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button