छत्तीसगढ़

कार्बन टायर फैक्ट्री में जोरदार ब्लास्ट, गैस टैंक फटने से 8 मजदूर झुलसे, एक बच्ची भी घायल

 

रायगढ़।   जिले के खरसिया क्षेत्र से एक सनसनीखेज और दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। बानीपाथर क्षेत्र स्थित मंगल कार्बन टायर फैक्ट्री में काम के दौरान अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। विस्फोट गैस टैंक फटने के कारण हुआ, जिससे फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई।

इस हादसे में 8 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी घायल मजदूर 25 से 30 प्रतिशत तक झुलसे हुए हैं। विस्फोट के बाद फैक्ट्री परिसर में धुआं और भगदड़ का माहौल बन गया, जिससे कर्मचारियों में दहशत फैल गई।

 

घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की टीम मजदूरों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। बताया जा रहा है कि, घायलों में एक बच्ची भी शामिल है, जिसकी हालत को लेकर परिजन काफी चिंतित हैं।

 

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गैस टैंक में विस्फोट किस कारण से हुआ और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

स्थानीय प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन से भी जवाब तलब किए जाने की संभावना है। इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button