छत्तीसगढ़

मां की मौत का सदमा नहीं झेल सका बेटा, जहर खाकर की आत्महत्या

 

कोरबा।  जिले में मां की मौत के गहरे सदमे से जूझ रहे एक युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। हरदीबाजा थाना क्षेत्र के मोहरियामुड़ा निवासी विक्रम कुमार मनहर (19) ने शुक्रवार 6 फरवरी को चूहामार दवा का सेवन कर लिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

 

जानकारी के अनुसार विक्रम की मां सिया बाई (49) लंबे समय से बीमार थीं और इलाज के दौरान 10 अक्टूबर 2025 को उनका निधन हो गया था। मां की मौत के बाद से विक्रम मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। परिजनों के मुताबिक वह बीते तीन महीनों से गुमसुम रहता था, किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करता था और धीरे-धीरे खुद को सबसे अलग कर लिया था।

विक्रम बीए प्रथम वर्ष का छात्र था, लेकिन मां के निधन के बाद उसने पढ़ाई भी छोड़ दी थी। उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए परिजनों ने उसका इलाज भी शुरू कराया था, लेकिन वह इस सदमे से उबर नहीं सका। आज शुक्रवार सुबह उसने घर पर ही चूहामार दवा का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल जिला मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक के पिता गनपत लाल मनहर ने बताया कि विक्रम उनका इकलौता पुत्र था। उसकी दो बहनों की शादी पहले ही हो चुकी है। बेटे की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।

जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button