छत्तीसगढ़

अनियंत्रित ट्रक ने डीजे पर नाच रहे बारातियों को टक्कर मार 4 महिलाएं घायल एक की हालत गंभीर

जांजगीर चांपा  ।    जांजगीर चांपा जिले के घिवरा गांव में मंगलवार रात एक अनियंत्रित ट्रक ने डीजे पर नाच रहे बारातियों को टक्कर मार दी। इस घटना में चार महिलाएं घायल हो गईं, जिनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे बिलासपुर रेफर किया गया है। यह घटना बिर्रा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के पेंड्रावन से बारात बिर्रा के भाटापारा में रथू देवांगन के घर पहुंची थी। बारात घर के द्वार पर परघनी की तैयारी चल रही थी और बाराती डीजे की धुन पर नाच रहे थे।

 

इसी दौरान शिवरीनारायण की ओर से आ रहे ट्रक ने अचानक सड़क पर खड़े बारातियों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन सड़क किनारे लगे टेंट से जा टकराया। ट्रक की चपेट में आने से टेंट के पास खड़ी चार महिलाएं घायल हो गईं।

घायलों में भूरी बाई (65), राधिका देवांगन और रेधुका देवांगन (55) शामिल हैं, जिनका इलाज बिर्रा में चल रहा है। वहीं, उसा बाई देवांगन (53) के पैर के जांघ पर वाहन का चक्का चढ़ जाने से उनकी हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद उन्हें बिलासपुर रेफर किया गया है।

कुछ अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही बिर्रा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में चालक ने बताया कि उसे झपकी आने के कारण नींद आ गई थी। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और वाहन को जब्त कर आगे की जांच पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button