नशीली कैप्सूल की अवैध बिक्री का भंडाफोड़, 3752 कैप्सूल के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा । जिले में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सायबर टीम और थाना चांपा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नशीली कैप्सूल, मोटरसाइकिल, मोबाइल और नगदी जब्त की गई है। दोनों को एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 10 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से कोरबा की ओर से कोसमंदा गांव की तरफ आ रहे हैं और उनके पास बड़ी मात्रा में नशीली कैप्सूल है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कोसमंदा रोड पर घेराबंदी कर जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध पल्सर मोटरसाइकिल को रोककर सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की गई।
पूछताछ में चालाक ने अपना नाम रामकिशोर कश्यप और पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम प्रदीप पटेल बताया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 469 स्ट्रिप नशीली कैप्सूल बरामद हुई, जिनमें प्रत्येक स्ट्रिप में 8 कैप्सूल थे। इस तरह कुल 3752 कैप्सूल जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 34,813 रुपये बताई गई है। साथ ही घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 BM 2797, दो मोबाइल फोन और 200 रुपये नगद भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामकिशोर कश्यप (20 वर्ष), निवासी कोसमंदा, थाना चांपा तथा प्रदीप पटेल (20 वर्ष), निवासी बुदेली चौकी रजगामार, जिला कोरबा के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध थाना चांपा में अपराध क्रमांक 58/26 के तहत धारा 21(सी) और 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, सायबर प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, एएसआई विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्र, आरक्षक माखन साहू, रोहित कहरा और सउनि भुनेश्वर राठौर का विशेष योगदान रहा।



