दिनदहाड़े ढाई लाख की लूट, पल्सर सवार दो बदमाशों ने नगर पंचायत कर्मी को बनाया निशाना

जांजगीर-चांपा। राहौद नगर पंचायत के एक कर्मचारी से दिनदहाड़े ढाई लाख रुपए की लूट की घटना सामने आई है। पल्सर बाइक में सवार दो अज्ञात युवकों ने वारदात को अंजाम देकर क्षेत्र में सनसनी फैला दी। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार राहौद निवासी गोपेश्वर कुमार पटेल (50) नगर पंचायत राहौद कार्यालय में संविदा कर्मचारी हैं तथा कृषि कार्य भी करते हैं। शुक्रवार को वे राशि निकालने के लिए पामगढ़ स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा पहुंचे थे, जहां से उन्होंने ढाई लाख रुपए नकद निकाले।
राशि निकालने के बाद वे बस से वापस राहौद लौट रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही वे बस से उतरे, तभी पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक अचानक उनके पास पहुंचे और उनके हाथ से रुपए से भरा थैला झपटकर फरार हो गए।
घटना इतनी तेजी से हुई कि प्रार्थी कुछ क्षण के लिए स्तब्ध रह गया। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे, लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग चुके थे।



