छत्तीसगढ़

कोरबा में एकतरफा प्यार का सनसनीखेज मामला : युवती के पिता पर फायरिंग

 

कोरबा।   बालको नगर थाना क्षेत्र में एकतरफा प्यार के चलते युवती के पिता पर जानलेवा फायरिंग करने का मामला सामने आया है। घटना के चंद घंटे के भीतर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पिस्टल, जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया है।

 

मिली जानकारी के अनुसार थाना बालको नगर में 19 फरवरी 2026 को प्रार्थी ने लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि साहिल मसीह नामक युवक उसकी बेटी से एकतरफा प्रेम करता था और पिछले छह माह से उसका पीछा कर छेड़छाड़ कर रहा था। 18 फरवरी 2026 की रात करीब 11 बजे आरोपी मोटरसाइकिल से प्रार्थी के घर के पास पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए हंगामा करने लगा।

प्रार्थी के दरवाजा खोलकर बाहर निकलते ही आरोपी ने हत्या की नियत से अपने पास रखी पिस्टल से फायर कर दिया। गोली चलने की आवाज सुनकर प्रार्थी तत्काल जमीन पर बैठ गया, जिससे वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद आरोपी ने दोबारा फायर करने की कोशिश की, लेकिन गोली नहीं चली। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

 

मामले में थाना बालको नगर, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़) में अपराध क्रमांक 94/2028 के तहत धारा 296, 75(1), 78(1), 109(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

 

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी साहिल मसीह (20 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर बालको, को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, जिसमें राउंड भरा हुआ था, एक जिंदा कारतूस तथा मोटरसाइकिल जप्त की गई है।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी को पिस्टल कहां से और किस माध्यम से प्राप्त हुई। मामले की विवेचना जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button