घर में घुसकर प्राणघातक हमला करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। ग्राम बुडेना में घर के अंदर घुसकर प्राणघातक हमला करने वाले चार आरोपियों को नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के विरुद्ध धारा 296, 115(2), 351(3), 331(2), 109, 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी दिनेश कश्यप निवासी ग्राम बुडेना ने थाना नवागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 फरवरी 2026 को गणेश कश्यप, चंद्रहास कश्यप, दूरपती कश्यप और चंद्रपाल कश्यप डंडा लेकर उसके घर में जबरन घुस आए। आरोपियों ने पुराने ईंटों के बंटवारे को लेकर विवाद करते हुए अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। गणेश कश्यप और चंद्रहास कश्यप ने टांगी से प्रार्थी और उसकी पत्नी पर वार किया, जबकि चंद्रपाल और दूरपती ने रिकेश कश्यप के सिर पर लकड़ी के डंडे से प्रहार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और काफी रक्तस्राव हुआ।
मामले में थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 63/26 दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देश पर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) विजय कुमार पैकरा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक कमलेश शेंडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कमलेश कुमार शेंडे, सहायक उप निरीक्षक रामकृष्ण आदित्य एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।



