छत्तीसगढ़

सूने मकान में चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; लाखों का सामान बरामद

 

 

कोरबा। जिले में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सदर कोरबा अभियान” के तहत मानिकपुर चौकी पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोना-चांदी के जेवरात, नगदी सहित लाखों रुपये का मशरूका बरामद किया है।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 मार्च 2026 की सुबह 11 बजे से 12 मार्च 2026 की सुबह 8 बजे के बीच अज्ञात आरोपियों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और सोना-चांदी के जेवरात, करीब 5 हजार रुपये नगद सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। कुल चोरी की कीमत लगभग 2 से 3 लाख रुपये आंकी गई थी। मामले में प्रार्थी की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना अंतर्गत मानिकपुर चौकी में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

 

 

विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उनके मेमोरण्डम कथनों के आधार पर चोरी गया सामान बरामद किया गया।

 

 

गिरफ्तार आरोपियों में अरुण कुमार सतनामी (22 वर्ष), देवेंद्र कुमार धीवर उर्फ अंडा (20 वर्ष) और आकाश यादव (20 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से सोना-चांदी के जेवरात, नगदी, कांसा-पीतल के बर्तन, पूजा सामग्री, तांबे का लोटा, चांदी के सिक्के, सोने के बिस्किट और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।

 

 

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। उल्लेखनीय है कि इस मामले में पहले ही तीन अन्य आरोपियों—आकाश मरावी, रोहित शर्मा और निखिल बर्मन—को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। अभियान के तहत जिले में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button