छत्तीसगढ़

बहू की प्रताड़ना से तंग सास ने मांगी इच्छामृत्यु

 

सूरजपुर । आमतौर पर दहेज और घरेलू प्रताड़ना के मामलों में बहू के पीड़ित होने की खबरें सामने आती हैं, लेकिन जिले से एक उल्टा मामला सामने आया है।

 

यहां बहू की कथित प्रताड़ना से परेशान एक सास ने इच्छामृत्यु की मांग कर दी है। इस घटना ने पारिवारिक रिश्तों में बढ़ते तनाव और बदलते सामाजिक स्वरूप पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

 

मिली जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के लटोरी निवासी शकुंतला पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपनी बहू रागनी मिश्रा पर मानसिक और आर्थिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बहू लगातार उनसे पैसों की मांग करती है और मानसिक रूप से परेशान करती है।

 

 

शकुंतला पाण्डेय के अनुसार, 3 अक्टूबर 2021 को उनकी बहू ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए घर छोड़ दिया था, जिससे उनके बेटे वेद प्रकाश सहित पूरे परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। करीब चार साल बाद बहू के वापस घर लौटने के बाद एक बार फिर से घर का माहौल तनावपूर्ण हो गया है।

 

 

सास का आरोप है कि बहू दोबारा मानसिक दबाव बनाकर और आर्थिक मांगों के जरिए उन्हें प्रताड़ित कर रही है। इसी से तंग आकर उन्होंने इच्छामृत्यु की मांग की है।

 

 

इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने के बाद तत्परता दिखाई और दोनों पक्षों को परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया है।

 

 

यहां आपसी समझाइश और सुलह कराने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता बातचीत के जरिए विवाद का समाधान निकालना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button