छत्तीसगढ़

बिस्तर से गायब 11 माह के मासूम की बाल्टी में डूबने से मौत, घर में पसरा मातम

 

अंबिकापुर ।   अंबिकापुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घर के कमरे में पानी से भरी बाल्टी में गिरने से 11 माह के मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम झिरमिटी निवासी दीपक तिर्की शहर के लक्ष्मीपुर इलाके में किराए के मकान में रहकर ढाबे में काम करता है। वह अपने परिवार के साथ बिलासपुर चौक के पास रहता है।

 

 

बताया जा रहा है कि बीती रात करीब 2:30 बजे दीपक ड्यूटी से घर लौटा। उस समय उसका 11 माह का बेटा अंश तिर्की जाग रहा था। कुछ देर बेटे के साथ खेलने के बाद उसने उसे अपने और पत्नी के बीच सुला दिया और खुद भी सो गया।

तड़के जब उसकी पत्नी सुनीता की नींद खुली तो उसने देखा कि बच्चा बिस्तर पर नहीं है। घबराकर उसने कमरे में बच्चे को तलाशना शुरू किया। इसी दौरान उसकी नजर कमरे में रखी पानी से भरी बाल्टी पर पड़ी, जहां बच्चे का सिर पानी के अंदर और पैर बाहर की ओर था।

 

 

 

यह दृश्य देख मां के होश उड़ गए। उसने तुरंत बच्चे को बाहर निकाला और शोर मचाया। आवाज सुनकर पिता भी जाग गया और बच्चे को अचेत अवस्था में देखकर उसके पेट से पानी निकालने की कोशिश की। इसके बाद दोनों उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे।

 

 

 

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में यह घटना एक हादसा मानी जा रही है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button