छत्तीसगढ़

महासमुंद में आकाशीय बिजली गिरने से मकान में लगी आग, लाखों का नुकसान

महासमुंद । महासमुंद जिले में बीती रात तेज अंधड़, हल्की बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई। बागबाहरा ब्लॉक के कोमाखान तहसील अंतर्गत ग्राम बाधमुड़ा में आकाशीय बिजली गिरने से एक खपरेल मकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम बाधमुड़ा निवासी प्रज्ञानंद देवागन के मकान पर देर रात करीब 4 बजे अचानक बिजली गिर गई। इसके बाद घर में आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरा मकान इसकी चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही महासमुंद और बागबाहरा से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घर में रखा सीट कवर का सामान, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री और अन्य घरेलू वस्तुएं जल चुकी थीं।

पीड़ित परिवार के अनुसार, आगजनी में करीब 50 हजार से 1 लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य पास के पक्के मकान में सो रहे थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

ग्रामीणों ने भी शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ग्राम बाधमुड़ा के सरपंच एडिसन विजय ठाकुर ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं कोमाखान तहसीलदार मनीषा देवागन ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद पटवारी को मौके पर भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद शासन स्तर पर क्षतिपूर्ति की कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button