दो पत्नियों को साथ रखने की जिद पर हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक

धमतरी – छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेंडरा में पिछले दो दिनों से चल रहा जानलेवा हाई-वोल्टेज ड्रामा आखिरकार खत्म हो गया है। हाईटेंशन टावर की 50 फीट ऊंची चोटी पर चढ़े 32 वर्षीय किसान यादराम साहू को पुलिस और प्रशासन ने भारी मशक्कत के बाद सुरक्षित नीचे उतार लिया है। युवक के नीचे आते ही प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
पारिवारिक कलह और दो पत्नियां बनीं वजह:
शुरुआत में इस कदम के पीछे सिर्फ नशा और मानसिक तनाव बताया जा रहा था, लेकिन रेस्क्यू के दौरान युवक के टावर पर चढ़ने की असली और हैरान कर देने वाली वजह सामने आई:
*घरेलू विवाद:* टावर पर चढ़ा युवक यादराम साहू पेशे से किसान है। उसकी दो पत्नियां हैं, जिनकी आपस में बिल्कुल नहीं बनती। इसी वजह से घर में लगातार पारिवारिक कलह चल रही थी।
अनोखी डिमांड:युवक की मांग थी कि उसकी दोनों पत्नियां आपसी विवाद छोड़कर उसके साथ एक ही घर में रहें। इसी मांग को लेकर वह शनिवार सुबह अपने ट्रैक्टर से टावर तक पहुंचा और अत्यधिक शराब के नशे में 50 फीट ऊपर जा बैठा।
लगातार दूसरे दिन दोहराया था आत्मघाती कदम
युवक लगातार दो दिनों से प्रशासन और ग्रामीणों की नाक में दम किए हुए था। इससे पहले शुक्रवार को भी वह टावर पर चढ़ गया था, जिसे पुलिस ने समझा-बुझाकर उतारा था। लेकिन शनिवार सुबह वह फिर से टावर की चोटी पर जा बैठा, जिससे हजारों वोल्ट की चालू लाइनों के बीच उसकी जान पर बड़ा खतरा मंडरा रहा था।
इस ‘शर्त’ पर नीचे उतरा युवक, रेस्क्यू सफल
घटनास्थल पर भखारा पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम लगातार डटी हुई थी। नीचे ग्रामीणों की भारी भीड़ भगवान से उसकी सलामती की दुआ कर रही थी। पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए युवक से लगातार बातचीत की और उसे मनाने की कोशिश की।
वीडियो न बनाने की शर्त
आखिरकार प्रशासन की समझाइश काम आई, लेकिन युवक ने नीचे उतरने के लिए एक अनोखी शर्त रखी। उसने कहा कि नीचे मौजूद भीड़ में से कोई भी उसका वीडियो नहीं बनाएगा। पुलिस द्वारा इस शर्त को मानने और आश्वासन देने के बाद युवक धीरे-धीरे सुरक्षित नीचे उतर आया।
फिलहाल युवक को हिरासत में लेकर उसकी काउंसलिंग की जा रही है और पूरे भेंडरा गांव में फैला तनाव अब पूरी तरह शांत हो चुका है।



