छत्तीसगढ़
बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा : ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, चार युवकों की दर्दनाक मौत

बलरामपुर – जिले के सनावल थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल है। बताया जा रहा है कि चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर डिंडा साप्ताहिक बाजार से अपने गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान पीपरपान मोड़ के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एटा लोड ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही दो युवकों की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। रात का समय होने और सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण बाइक सवार युवकों को सड़क किनारे खड़ा ट्रैक्टर दिखाई नहीं दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और चारों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल थे। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।




