KORBA:SECL अस्पताल के पास साप्ताहिक बाजार में भीषण आग, कई फुटपाथी दुकानें जलकर राख

कोरबा। एसईसीएल, कोरबा के मुड़ापार स्थित मुख्य अस्पताल के समीप संचालित साप्ताहिक बाजार में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते फुटपाथ पर लगी कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं और पूरा सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
जानकारी के अनुसार, एसईसीएल अस्पताल के पास सोमवार को रोज की तरह साप्ताहिक बाजार सजा हुआ था। बाजार के प्रवेश मार्ग के समीप फुटपाथ पर लगी एक दुकान से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। प्रारंभिक तौर पर लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन दुकानों में रखे ज्वलनशील सामान और सूखी लकड़ियों के कारण आग तेजी से फैल गई।
कुछ ही देर में आसपास की कई दुकानें आग की चपेट में आ गईं। आग लगने से दुकानदारों का लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। घटना के दौरान बाजार में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं अग्निशमन दल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



