नेशनल हाईवे फिर बना मौत का रास्ता: रायपुर जा रहे युवक की दर्दनाक मौत, पत्नी गंभीर

धमतरी। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। तेज रफ्तार और लापरवाही अब आम लोगों की जिंदगी निगलती जा रही है। बुधवार को नेशनल हाईवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक चालक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। लगातार तीसरे दिन हुए इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार अछोटा निवासी इंद्रेश निर्मलकर अपने पिता कृष्णा निर्मलकर के साथ पंजीकृत बाइक क्रमांक सीजी 05 एक्यू 1953 से पत्नी शशि निर्मलकर को लेकर रायपुर जा रहा था। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 17 केडब्ल्यू 5844 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इंद्रेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पती रही।
हादसे की सूचना मिलते ही वरदान एंबुलेंस के शिवा प्रधान तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल महिला तथा मृतक को जिला अस्पताल पहुंचाया। घायल शशि निर्मलकर की हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
गौरतलब है कि धमतरी जिले में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। कुछ दिन पहले नगरी क्षेत्र में एक ही दिन में हुए दो अलग-अलग हादसों में चार लोगों की जान चली गई थी। इसके अगले ही दिन फिर एक युवक की मौत हो गई। अब तीसरे दिन नेशनल हाईवे पर हुआ यह हादसा प्रशासन और यातायात विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने, ओवरटेकिंग और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण लगातार जानें जा रही हैं। बावजूद इसके सड़क सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नजर नहीं आ रहे। लगातार हो रहे हादसों ने अब लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है।



