छत्तीसगढ़

हाईवे पर डीजल लूटपाट करने वाले संगठित गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार

 

बिलासपुर। । बिलासपुर पुलिस ने हाईवे किनारे खड़ी ट्रकों से डीजल लूटपाट और चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो और रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन, धारदार चाकू, नगदी रकम और 74 लीटर डीजल बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में संजय कुमार कुर्रे, मणीशंकर कुर्रे और अमित भारद्वाज शामिल हैं। तीनों आरोपी जांजगीर-चांपा जिले के बगडबरी गांव के रहने वाले हैं।

जानकारी के मुताबिक 18 मई 2026 को बेवरेज कॉर्पोरेशन सिरगिट्टी के सामने खड़े वाहन से आरोपी डीजल चोरी कर रहे थे। विरोध करने पर उन्होंने वाहन चालक के साथ मारपीट की। वहीं 24 मई 2026 को थाना कोनी क्षेत्र में ट्रेलर क्रमांक CG 10 BL 8136 की डीजल टंकी तोड़कर करीब 100 लीटर डीजल लूट लिया गया था। इससे पहले 28 मार्च 2026 को ग्राम सेंदरी के पास नेशनल हाईवे किनारे खड़े ट्रेलर से लगभग 270 लीटर डीजल चोरी की घटना भी सामने आई थी।

लगातार हो रही डीजल चोरी और लूटपाट की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू और थाना सिरगिट्टी पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और पूर्व की घटनाओं का विश्लेषण करते हुए कई स्थानों पर दबिश दी, जिसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

 

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे स्कॉर्पियो और रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन से रात के समय हाईवे किनारे खड़ी ट्रकों को निशाना बनाते थे। आरोपी बेमेतरा, बलौदाबाजार, कवर्धा, महासमुंद, रायगढ़, कोरबा, सकरी बायपास, सरगांव, जांजगीर और कोनी हाईवे क्षेत्र में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।

पुलिस ने आरोपी अमित भारद्वाज के कब्जे से रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन और 600 रुपये नगद, संजय कुर्रे के कब्जे से स्कॉर्पियो वाहन, धारदार चाकू और 800 रुपये नगद तथा मणीशंकर कुर्रे के कब्जे से 1200 रुपये नगद बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से 74 लीटर डीजल भी जब्त किया गया।

 

जांच के दौरान आरोपियों की संलिप्तता थाना कोनी के अपराध क्रमांक 264/2026 और 119/2026 में भी पाई गई है। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है। बिलासपुर पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे सिंडिकेट का खुलासा किया जाएगा।

 

फिलहाल आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button