छत्तीसगढ़

सिविल लाइन थाने के लॉकअप में युवक ने ब्लेड से खुद को किया घायल

बिलासपुर ।  सिविल लाइन थाना क्षेत्र के लॉकअप में एक युवक द्वारा ब्लेड से खुद को घायल करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल उसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और इसे पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश से जोड़कर देखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार यह घटना जरहाभाठा क्षेत्र में आयोजित शेख खलील डल्ला नाच कार्यक्रम के दौरान हुई। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस ने एक युवक को चाकू के साथ पकड़ा था। आरोपी की पहचान रामा कुर्रे के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से पैंट की जेब में रखा एक चाकू बरामद किया गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर सिविल लाइन थाने लाया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी को लॉकअप में रखा गया था, जहां कुछ समय बाद उसने अपने पास छिपाकर रखे ब्लेड के छोटे टुकड़े से अपने हाथ और सीने पर वार कर खुद को घायल कर लिया। बताया जा रहा है कि घटना के समय उसकी परिचित महिला मधु और एक नाबालिग लड़का उससे मिलने थाने पहुंचे थे। पुलिस इन दोनों की भूमिका की भी जांच कर रही है कि मुलाकात के दौरान कोई संदिग्ध गतिविधि तो नहीं हुई।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी ने ब्लेड का छोटा टुकड़ा पहले से अपने पास छिपाकर रखा था और उसी का उपयोग कर खुद को चोट पहुंचाई। पुलिस के मुताबिक आरोपी होश में है और उसने स्वीकार किया है कि उसने यह कदम स्वयं उठाया है

अधिकारियों का कहना है कि आरोपी पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनकी जानकारी खंगाली जा रही है। यह भी जांच का विषय है कि लॉकअप में सुरक्षा के बावजूद उसके पास ब्लेड का टुकड़ा कैसे पहुंचा। घटना के बाद पुलिस विभाग में भी हड़कंप की स्थिति देखी गई है। सुरक्षा व्यवस्था और थाने की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जो भी लापरवाही सामने आएगी, उस पर कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल युवक की हालत सामान्य बताई जा रही है और उसे डॉक्टरों की निगरानी के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं यह घटना किसी दबाव या अन्य कारण से तो नहीं की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button