छत्तीसगढ़

मजदूर वृक्षारोपण कार्य में पहुंचा था तबीयत बिगड़ने से मौत

डोंगरगढ़।  वन विभाग की कथित लापरवाही ने एक मजदूर की जान ले ली। वृक्षारोपण कार्य के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद मजदूर घंटों तक जंगल में तड़पता रहा, लेकिन आरोप है कि सूचना देने के बावजूद वन विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।

ग्रामीणों ने खुद ट्रैक्टर और एंबुलेंस की व्यवस्था कर मजदूर को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, मामला डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत शिवपुरी के आश्रित ग्राम बाकलेडी का है। यहां निवासी शिवचरण ठाकुर वन विभाग द्वारा कराए जा रहे वृक्षारोपण कार्य में गड्ढे खोदने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालत खराब होने पर वे कार्यस्थल के पास एक पेड़ के नीचे जाकर लेट गए। साथ में काम कर रहे मजदूरों ने तत्काल वन विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि घंटों बीत जाने के बावजूद विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।

इतना ही नहीं, बीमार मजदूर को अस्पताल पहुंचाने के लिए विभाग की ओर से कोई वाहन या अन्य सहायता भी उपलब्ध नहीं कराई गई। हालात बिगड़ते देख ग्रामीणों ने स्वयं ट्रैक्टर की व्यवस्था कर शिवचरण ठाकुर को शिवपुरी तक पहुंचाया। वहां से एंबुलेंस के जरिए उन्हें डोंगरगढ़ अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। शाम करीब 4 बजे डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button