वकील का मोबाइल ऑटोमैटिक होने लगा अपडेट, खाते से डेढ़ लाख पार…

बिलासपुर। साइबर ठगों ने एडवोकेट का मोबाइल हैक कर लिया और अकाउंट से 1.42 लाख रुपए ट्रासफर कर लिए। इस दौरान वह कोर्ट में पैरवी कर रहे थे, तब उनका मोबाइल ऑटोमैटिक अपडेट हो रहा था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक तारबाहर विद्यानगर निवासी खेलन सोनवानी पेशे से एडवोकेट हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 27 मई को दोपहर करीब 2 बजे वे कोर्ट में थे।
इसी दौरान उनका मोबाइल ऑटोमेटिक अपडेट होने लगा। मोबाइल अपडेट होने के दौरान हैक हो गया। इसके बाद ठगों ने अमेजन-पे और मोबाइल बैंकिंग के जरिए 37,500-37,500 रुपए की दो ट्रांजैक्शन कर कुल 75 हजार रुपए निकाल लिए। वहीं, क्रेडिट कार्ड का गलत इस्तेमाल कर 67,500 रुपए और खर्च कर दिए। इस तरह ठगों ने कुल 1 लाख 42 हजार 500 रुपए की ऑनलाइन ठगी को अंजाम दिया।
साइबर ठगों ने पकड़े जाने से बचने के लिए सीधे बैंक ट्रांसफर नहीं किया। उन्होंने पहले पैसों से ऑनलाइन गिफ्ट कार्ड खरीदे। इसके बाद उन गिफ्ट कार्ड को एक नामी गेमिंग प्लेटफॉर्म से जुड़े ई-वॉलेट में ट्रांसफर कर कैश करा लिया। शिकायत में एक संदिग्ध ईमेल आईडी का भी जिक्र है। पीड़ित ने तारबाहर थाने और साइबर पोर्टल में ट्रांजेक्शन डिटेल के साथ शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, पुलिस अज्ञात ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



