छत्तीसगढ़

सस्ते दाम में जमीन दिलाने का झांसा देकर 3.50 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव। सस्ते दाम में जमीन दिलाने का झांसा देकर 3.50 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को बसंतपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ठगी की रकम से खरीदी गई एक एसपी-125 मोटरसाइकिल और ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम धामनसरा निवासी तरुण निषाद ने थाना बसंतपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2021 में उसकी पहचान ग्राम में जमीन की खरीद-फरोख्त का कार्य करने वाले दुर्गेश कुमार यादव से हुई थी। आरोपी ने मोबाइल पर जमीन की तस्वीरें दिखाकर सस्ते दाम में जमीन दिलाने का भरोसा दिलाया और विभिन्न किश्तों में उससे कुल 3.50 लाख रुपये ले लिए। रकम लेने के बाद न तो जमीन दिलाई गई और न ही पैसे वापस किए गए।

शिकायत के आधार पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 301/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 420 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने फरार आरोपी दुर्गेश कुमार यादव (22), निवासी ग्राम मानाटोला, थाना मोहला, जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने धोखाधड़ी की वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर ठगी की रकम से खरीदी गई एसपी-125 मोटरसाइकिल (सीजी-08-एवाई-3881) एवं ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, उप निरीक्षक गोवर्धन देशमुख, प्रशिक्षु उप निरीक्षक हीरामणी, प्रधान आरक्षक दीपक जायसवाल, आरक्षक अतहर अली, आरक्षक कुश बघेल सहित थाना बसंतपुर के पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button