एकतरफा प्रेम में युवती की हत्या करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, हथियार और बाइक बरामद

भिलाई /दुर्ग। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम प्रसंग के चलते युवती की हत्या करने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार तथा घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार 10 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे मृतका की रूममेट ने परिजनों को सूचना दी कि खुशी साहू अपने किराये के कमरे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ी है। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर वैशाली नगर थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए संदिग्ध लाकेश्वर साहू उर्फ पिन्टू (24) निवासी सकरी वार्ड क्रमांक-12, बजरंग चौक, थाना सिटी कोतवाली, जिला बलौदाबाजार को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी मृतका से एकतरफा प्रेम करता था। युवती द्वारा बातचीत करने से इंकार किए जाने से वह नाराज था। इसी कारण उसने पहले से हत्या की योजना बनाई और रायपुर से भिलाई पहुंचकर अपने साथ धारदार हथियार लाया। पहचान छिपाने के लिए उसने दो शर्ट तथा पैंट के अंदर बरमूडा पहन रखा था।
पुलिस के मुताबिक कमरे में विवाद के दौरान आरोपी ने पहले युवती का गला दबाया और फिर धारदार हथियार से शरीर के विभिन्न हिस्सों पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने अपने पहने हुए कपड़े और जूते नदी में फेंककर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। मामले की त्वरित विवेचना और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी में वैशाली नगर थाना पुलिस एवं एसीसीयू (ACCU) टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा महिलाओं के खिलाफ हिंसा और उत्पीड़न की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।



