अधूरे पुल से 30 फीट नीचे गिरी कार, चार युवक गंभीर रूप से घायल; निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बिलासपुर। बिलासपुर-उरगा मार्ग पर निर्माणाधीन सड़क में सोमवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। ढेंका के समीप अरपा नदी पर बन रहे अधूरे पुल से एक कार करीब 30 फीट नीचे गिर गई, जिससे उसमें सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, CG13AS9262 नंबर की कार कोरबा से बिलासपुर की ओर जा रही थी। ढेंका के पास निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अभी अधूरा है तथा उससे आगे सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन चालक को पुल के अधूरे होने की जानकारी नहीं थी। इसी कारण कार अनियंत्रित होकर सीधे अधूरे हिस्से से नीचे जा गिरी। लगभग 30 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और कार में फंसे चारों युवकों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
इस दुर्घटना के बाद निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अधूरे पुल के पास पर्याप्त चेतावनी संकेत, बैरिकेडिंग और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण इस तरह की दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।



