छत्तीसगढ़

बिलासपुर में अड्डेबाजों और अशांति फैलाने वालों पर सिरगिट्टी पुलिस का शिकंजा, 10 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर।  जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक शांति भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना सिरगिट्टी पुलिस ने क्षेत्र में लगातार मिल रही अड्डेबाजी और अशांति फैलाने की शिकायतों के बाद अभियान चलाकर 10 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की। सभी आरोपियों को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) तथा थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना तथा असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना था।

कार्रवाई के दौरान सिरगिट्टी पुलिस और बीट आरक्षकों ने थाना क्षेत्र के विभिन्न चिन्हित अड्डेबाजी स्थलों पर लगातार चेकिंग की। जांच के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले 10 लोगों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया ।पुलिस ने कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी और विधिसम्मत कार्रवाई के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया।

कार्रवाई में जिन लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, उनमें दीपक साहू, दुर्गाशंकर साहू, जितेंद्र साहू, डी. बालकृष्ण, शुभम श्रीवास, अमन चौधरी, अमित साहू, पराग कुमार, अगस्टीन जायसवाल और शुभम नागदौने शामिल हैं। ये सभी सिरगिट्टी, बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं।

सिरगिट्टी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई व्यक्ति नशाखोरी, अड्डेबाजी या सार्वजनिक शांति भंग करने जैसी गतिविधियों में शामिल हो तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी लगातार और कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button