छत्तीसगढ़

जम्मू-कश्मीर से बरामद हुईं दो नाबालिग बालिकाएं, दुष्कर्म के आरोपी गिरफ्तार

बिलाईगढ़।  थाना बिलाईगढ़ पुलिस ने अलग-अलग मामलों में लापता हुईं दो नाबालिग बालिकाओं को जम्मू-कश्मीर से बरामद कर उनके परिजनों को सुपुर्द किया है। पुलिस ने दोनों बालिकाओं को बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने और उनके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 20 जनवरी 2026 को एक नाबालिग बालिका की मां ने थाना बिलाईगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी बिना बताए घर से चली गई है और किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की आशंका है। इसी तरह 23 मार्च 2026 को एक अन्य नाबालिग बालिका के पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बेटी रात में बिना बताए घर से चली गई है और किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। दोनों मामलों में अलग-अलग अपराध दर्ज कर पुलिस बालिकाओं की तलाश कर रही थी।

जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को दोनों बालिकाओं के जम्मू-कश्मीर में होने का पता चला। पुलिस अधीक्षक सारंगढ़-बिलाईगढ़ सुनील शर्मा के निर्देश पर बालिकाओं की बरामदगी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस दीपिका मिंज के निर्देशन में प्रशिक्षु उप निरीक्षक सुरेंद्र कुमार, प्रधान आरक्षक चंद्रशेखर पटेल, आरक्षक नरेंद्र चंद्रा एवं महिला आरक्षक फुलकारी कुर्रे को जम्मू-कश्मीर भेजा गया।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक बालिका को जम्मू जिले के नागमणि क्षेत्र से आरोपी रोशन बंजारे के कब्जे से तथा दूसरी बालिका को जम्मू-कश्मीर के बड़गांव जिले के ओमपुरा क्षेत्र से आरोपी शिवा पटेल के कब्जे से बरामद किया।

दोनों बालिकाओं को बिलाईगढ़ लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में बालिकाओं ने पुलिस को बताया कि आरोपी उन्हें बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे तथा मंदिर में शादी करने के बाद उनके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। बरामद दोनों बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. रोशन बंजारे (21), पिता गंगा राम बंजारे, निवासी ग्राम पचरी, थाना बिलाईगढ़।
  2. शिवा पटेल (26), पिता रामायण पटेल, निवासी ग्राम तेंदुमुड़ी, थाना बिलाईगढ़।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button