छत्तीसगढ़

ऑनलाइन अटेंडेंस पर सवाल उठाने वाली शिक्षिका सस्पेंड

जांजगीर। जांजगीर-चांपा जिले में ऑनलाइन अटेंडेंस व्यवस्था को लेकर एक शिक्षिका का बनाया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। वायरल वीडियो में नवागढ़ विकासखंड के एक हाईस्कूल में पदस्थ शिक्षिका निर्मला कोमल ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था और ऐप के माध्यम से शिक्षकों की निगरानी पर सवाल उठाती नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि शिक्षिका ने 29 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे स्कूल पहुंचने के बाद यह वीडियो रिकॉर्ड किया था।

वीडियो में शिक्षिका ने कहा कि जब शिक्षकों की उपस्थिति और कामकाज की निगरानी ऑनलाइन माध्यम से की जा रही है, तो इसी तरह कलेक्टर से लेकर अन्य अधिकारियों के कामकाज का भी ऑनलाइन हिसाब सार्वजनिक किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से शिक्षकों पर ऐप के जरिए निगरानी रखने के बजाय अन्य विभागों की व्यवस्थाओं में सुधार पर भी ध्यान देने की मांग की।

शिक्षिका ने ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने के दौरान शिक्षकों को होने वाली परेशानियों का भी जिक्र किया। उनका कहना है कि समय पर स्कूल पहुंचने और ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज कराने की जल्दबाजी में कई बार शिक्षक दुर्घटनाओं का शिकार तक हो जाते हैं। उन्होंने व्यवस्था की व्यावहारिक दिक्कतों को दूर करने की आवश्यकता बताई।

वायरल वीडियो में शिक्षिका ने सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों की समस्या का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने अधिकारियों के दौरे, कार्यक्रम और उनके कामकाज की जानकारी भी आम लोगों के सामने ऑनलाइन उपलब्ध कराने की मांग की। शिक्षिका ने ऐप आधारित निगरानी व्यवस्था को बंद करने की बात कहते हुए दावा किया कि शिक्षक अपनी जिम्मेदारियों का पूरी तरह निर्वहन कर रहे हैं।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा ने वीडियो का परीक्षण करने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की बात कही थी। इसके बाद शिक्षिका निर्मला कोमल को निलंबित कर दिया गया है। विभागीय कार्रवाई के बाद ऑनलाइन अटेंडेंस व्यवस्था को लेकर शिक्षिका के उठाए सवालों की चर्चा भी तेज हो गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button