तेज रफ्तार कार मैकेनिक की दुकान में घुसी

सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच शनिवार को कनकबीरा चौकी क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित मैकेनिक की दुकान में जा घुसी। हादसे में दुकान में काम कर रहे मैकेनिक की गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कनकबीरा चौकी क्षेत्र के ग्राम परसदा छोटे और परसकोल के बीच, परसकोल के स्वागत गेट के सामने यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि बरमकेला क्षेत्र के बजरंग कोडाकू और निखिल पटेल अपने रिश्तेदार के यहां भालूपानी आए थे। वहां से दोनों कार क्रमांक CG 10 FA 8752 से वापस लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार तेज रफ्तार में थी।
परसकोल के दिशा-सूचक बोर्ड के पास पहुंचने पर चालक ने वाहन को मोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान तेज गति के कारण कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे उतरकर सीधे सड़क किनारे स्थित मैकेनिक की दुकान में जा घुसी। हादसे में दुकान में काम कर रहे श्याम कुमार पटेल (44), पिता जीतराम पटेल, निवासी परसकोल गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। सारंगढ़ में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रायगढ़ रेफर किया गया, लेकिन रायगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। श्याम कुमार की मौत की खबर मिलते ही परसकोल गांव और उनके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि वे परिवार के प्रमुख कमाने वाले सदस्य थे।
दुकान में वाहन बनवाने आए व्यक्ति को भी चोट
हादसे के समय दुकान में एक अन्य व्यक्ति भी अपना वाहन बनवा रहा था। कार के दुकान में घुसने से वह भी हादसे की चपेट में आ गया और उसे मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे भी उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, चालक के खिलाफ अपराध दर्ज
हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। घटना को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी गई। सूचना मिलने पर कनकबीरा चौकी प्रभारी टीकाराम खटकर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने वाहन चालक बजरंग कोडाकू के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
चौकी प्रभारी टीकाराम खटकर ने बताया कि वाहन चालक बजरंग कोडाकू के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। मामले की जांच चल रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
जिले में लगातार सड़क हादसों से बढ़ी चिंता
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। कुछ दिन पहले जिला मुख्यालय सारंगढ़ के रायगढ़ रोड पर पिकअप वाहन हादसे में तीन लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे। वहीं शनिवार को जिले के सलिहा थाना क्षेत्र के परसापाली गांव में भी एक पिकअप वाहन पलटने से 15 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
लगातार हो रहे हादसों के बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम उठाए जाने की जरूरत महसूस की जा रही है। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर अंकुश लगाने के साथ ही दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग उठ रही है।



