छत्तीसगढ़

पुष्पा’ स्टाइल में सागौन तस्करी : वन विभाग और पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के मंसूबों पर फेरा पानी, 3 गिरफ्तार

गरियाबंद. छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से फिल्म पुष्पा की तर्ज पर बेशकीमती सागौन की लकड़ी की तस्करी का मामला सामने आया है. उदंती नदी के बहाव का सहारा लेकर सागौन के लट्ठों को ओडिशा पहुंचाने की कोशिश की गई, लेकिन वन विभाग और गरियाबंद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई ने तस्करों के मनसूबों पर पानी फेर दिया. अंतरराज्यीय सागौन तस्करी गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन आरोपी अभी फरार हो गए.

जानकारी के मुताबिक, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की स्मार्ट सर्विलांस व्यवस्था और मैदानी सूचना तंत्र के जरिए वन अमले को सागौन तस्करी की जानकारी मिली थी. सूचना के आधार पर वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने निगरानी बढ़ाई और तस्करी से जुड़े लोगों की पहचान कर कार्रवाई की. जांच में पता चला कि तस्कर नदी के बहाव का इस्तेमाल कर सागौन के लट्ठों को छत्तीसगढ़ से ओडिशा की ओर ले जाने की कोशिश कर रहे थे. तीन आरोपियों को मौके से दबोच लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों के तार छत्तीसगढ़ और ओडिशा से जुड़े बताए जा रहे हैं.

बता दें कि पिछली बारिश के दौरान भी वन अमले ने नदी के बहाव का इस्तेमाल कर लकड़ी की तस्करी करने वाले एक आरोपी को पकड़ा था. इसके बाद वन विभाग ने बारिश के मौसम में नदी और उसके आसपास के इलाकों में निगरानी और बढ़ा दी थी.

फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और तस्करी के नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है. फरार तीन आरोपियों की तलाश में भी टीम जुटी हुई है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button