छत्तीसगढ़

कनबेरी मार्ग पर मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

ग्रामीणों ने शव रखकर 4 घंटे किया आक्रोश प्रदर्शनपूर्व जिपं उपाध्यक्ष की रही मौजूदगी,बढ़ते हादसों पर जताई चिन्ता


कोरबा। कोरबा-कनबेरी मुख्य मार्ग पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार रात एक बार फिर यह मार्ग हादसे में खून से लाल हो गया। कनबेरी निवासी सुरेंदर सिंह साइकिल से कोरबा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रात के अंधेरे में सड़क किनारे उन्हें किसी अज्ञात कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सुरेंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।


घटना से आक्रोशित कनबेरी और आसपास के ग्रामीणों ने शव के सामने कोरबा-कनबेरी मुख्य मार्ग पर करीब चार घंटे तक चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने मार्ग पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर जिला पंचायत कोरबा के पूर्व उपाध्यक्ष अजय जायसवाल की मौजूदगी में प्रशासन के सामने अपनी नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना था कि इस मार्ग पर SECL से कोयला लेकर चलने वाले भारी वाहनों, पावर प्लांट से निकलने वाली राखड़ गाड़ियों सहित अन्य भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है।


चक्काजाम के दौरान ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को निश्चित सहायता राशि देने, सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनवाने, स्ट्रीट लाइट लगाने, सांकेतिक बोर्ड लगाने तथा मृतक की पुत्री को निजी ठेका कंपनी में रोजगार देने सहित अन्य मांगें रखीं

मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार दीपका ने ग्रामीणों से चर्चा की। इसके बाद प्रशासन की ओर से तत्काल 50 हजार रुपए की सहायता राशि मृतक के परिजनों को सौंपी गई, जिसके बाद चक्काजाम समाप्त किया गया।


धरना स्थल पर ग्राम सरपंच, जनपद प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सड़क हादसे को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और भारी वाहनों की आवाजाही के बीच आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button