छत्तीसगढ़

शोएब ढेबर पर 25 करोड़ की रंगदारी का आरोप, आनंद कुकरेजा धमकी मामला, पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी

रायपुर में कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से 25 करोड़ की रंगदारी मांगने के आरोपी शोएब ढेबर की तलाश में पुलिस ने दी दबिश। CJM कोर्ट से गिरफ्तारी की अनुमति मिलते ही अनवर ढेबर के घर व होटल में जांच।

रायपुर। Shoaib Dhebar Anand Kukreja Extortion Threat Case: रायपुर में कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर की तलाश तेज हो गई है। CJM कोर्ट से दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मिलने के बाद रायपुर पुलिस ने बुधवार को शहर में आधा दर्जन से ज्यादा ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस ने बैरनबाजार, शंकर नगर और फाफाडीह समेत कई जगहों पर तलाशी ली।

अनवर ढेबर के घर और होटल में भी जांच

पुलिस टीम ने बैरनबाजार स्थित अनवर ढेबर के निवास, शंकर नगर के पाल्म बेलाजियो अपार्टमेंट और फाफाडीह स्थित होटल वेलिंगटन कोर्ट समेत अन्य स्थानों की जांच की। पुलिस का कहना है कि शोएब ढेबर की तलाश के साथ मामले से जुड़े तकनीकी और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

विदेशी नंबर से आया था धमकी भरा WhatsApp

पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से WhatsApp के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। संदेशों में कथित तौर पर गैंग के नाम पर 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। रकम नहीं देने पर कुकरेजा और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।

पांच iPhone जब्त, जांच में जुटी पुलिस

तेलीबांधा थाने में केस दर्ज होने के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस ने शोएब ढेबर को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से पांच iPhone जब्त किए थे, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई है।

कोर्ट के आदेश के बाद फिर तलाश

पहले रिमांड कोर्ट में पेशी के बाद शोएब को स्वतंत्र करने का आदेश हुआ था। इसके बाद पुलिस ने नियमित अदालत में दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मांगी, जिसे CJM कोर्ट ने मंजूर कर लिया। अब पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button