छत्तीसगढ़

कोरबा में धान के खेत में मिली नवजात बच्ची, देर रात पत्रकारों ने अस्पताल पहुंचाया

कोरबा। जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में धान के खेत से नवजात बच्ची मिलने का मामला सामने आया है। ग्राम जवाली-अभयपुर के पास धान की फसल के बीच नवजात बच्ची पड़ी मिली। देर रात बच्ची के मिलने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और पत्रकारों ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

बताया जा रहा है कि ग्रामीणों को धान के खेत में नवजात बच्ची के पड़े होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद इसकी सूचना बांकी मोंगरा पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सत्यम साहू ने बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की सलाह दी। इसके बाद पत्रकारों ने देर रात नवजात बच्ची को कटघोरा सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्वास्थ्य जांच की।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बांकी मोंगरा पुलिस की ओर से प्रधान आरक्षक भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात बच्ची को खेत में किसने छोड़ा और किन परिस्थितियों में वह वहां पहुंची। आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने नवजात बच्ची की जांच की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्ची स्वस्थ बताई जा रही है। फिलहाल उसकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

स्थानीय जानकारी के अनुसार बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में नवजात से जुड़ी यह तीसरी घटना बताई जा रही है। इससे पहले ग्राम कसरेंगा में एक नवजात शिशु बालक मिलने की जानकारी सामने आई थी। वहीं बांकी मोंगरा के मनोरंजन मंदिर के पास नाली किनारे भ्रूण मिलने का मामला भी सामने आया था। अब ग्राम जवाली-अभयपुर के पास धान के खेत में नवजात बच्ची मिलने से क्षेत्र में नवजात बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

हालांकि, मौजूदा मामले में बच्ची को खेत में छोड़ने वाले व्यक्ति या उसके परिजनों के संबंध में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नवजात बच्ची खेत तक कैसे पहुंची और उसे वहां किसने छोड़ा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और बच्ची की पहचान एवं उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button