छत्तीसगढ़

घर में घुसा तेंदुआ, छह लोगों पर किया हमला; तीन गंभीर, कमरे में बंद कर वन विभाग ने शुरू किया रेस्क्यू

महासमुंद। जिले के बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के ग्राम झिटकी में देर रात करीब डेढ़ बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ यादव परिवार के घर में घुस गया। तेंदुए ने घर में मौजूद छह लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों में चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बाथरूम जाने निकली महिला का तेंदुए से सामना

जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य रात में घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान उत्तरी बाई करीब डेढ़ बजे बाथरूम जाने के लिए बाहर निकलीं। इसी दौरान उनका सामना तेंदुए से हो गया। तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया और इसके बाद घर के अंदर घुसकर परिवार के अन्य सदस्यों को भी घायल कर दिया।

छह लोग घायल, तीन की हालत गंभीर

तेंदुए के हमले में सरजू यादव (60), जनक यादव, मनीष यादव, तुषार यादव, उत्तरी बाई और सुनीता यादव घायल हुए हैं। उत्तरी बाई के चेहरे और गले पर चोटें आई हैं। सुनीता यादव की आंख और चेहरे पर चोट लगी है, जबकि मनीष यादव के हाथ-पैर में गंभीर चोटें बताई गई हैं।

घटना के दौरान घर में करीब 10 सदस्य मौजूद थे। घायलों को 112 की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को महासमुंद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इनमें गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

परिवार ने तेंदुए को कमरे में किया बंद

तेंदुए के हमले के बीच परिवार के सदस्यों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह उसे घर के एक कमरे में बंद कर दिया। जनक यादव और उत्तरी बाई समेत अन्य लोगों ने तेंदुए को कमरे में बंद करने में भूमिका निभाई। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।

रायपुर से बुलाई गई विशेष रेस्क्यू टीम

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंच गया। तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़ने के लिए रायपुर से विशेष रेस्क्यू टीम बुलाई गई है। फिलहाल तेंदुआ घर के एक कमरे में बंद है और वन विभाग की टीम उसके सुरक्षित रेस्क्यू में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button