अंबिकापुर में नशे में मिले दो पुलिसकर्मी, पास में लावारिस पड़ी थी इंसास राइफल; वीडियो वायरल होने के बाद दोनों सस्पेंड

अंबिकापुर- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पुलिस विभाग से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दुर्ग जिले से कैदी को केंद्रीय जेल में दाखिल कराने पहुंचे दो पुलिसकर्मी प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास कथित तौर पर शराब के नशे में धुत हालत में मिले। दोनों सड़क किनारे पड़े थे और उनके पास सरकारी इंसास राइफल लावारिस हालत में पड़ी थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, दोनों पुलिसकर्मी कैदी को अंबिकापुर केंद्रीय जेल में शिफ्ट करने के लिए आए थे। कैदी को जेल में दाखिल कराने के बाद वे प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास पहुंचे। वहां उनकी हालत देखकर स्थानीय लोग हैरान रह गए। पास में सरकारी हथियार पड़ा होने के कारण लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
लावारिस हालत में मिली सरकारी इंसास राइफल
सूचना मिलते ही बस स्टैंड चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वहां पड़ी इंसास राइफल को अपने कब्जे में लिया और दोनों पुलिसकर्मियों को भी मौके से हटाया। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगा।
सरकारी हथियार की इस तरह सार्वजनिक स्थान पर लावारिस हालत में मिलने से सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठने लगे। कैदी को एक जिले से दूसरे जिले में ले जाने के दौरान पुलिसकर्मियों पर उसकी सुरक्षा के साथ-साथ सरकारी हथियारों की देखरेख की जिम्मेदारी भी होती है।
दुर्ग एसएसपी ने दोनों को किया निलंबित
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा और दुर्ग जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने संज्ञान लिया। दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल के मुताबिक, दोनों पुलिसकर्मियों को घटना के बाद रात में ही निलंबित कर दिया गया।
फिलहाल, घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। मामले में विभागीय कार्रवाई की जानकारी सामने आई है। सरकारी हथियार की सुरक्षा में कथित लापरवाही को गंभीरता से लिया जा रहा है।



