DJ में डांस, फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार 3 आरोपी गिरफ्तार

मुड़ापार दशहरा मैदान में DJ पर डांस को लेकर विवाद के बाद 22 वर्षीय राहुल उर्फ गोल्डन की चाकू से हमला कर हत्या। ASP लखन पटले ने दी जानकारी, 3 आरोपी गिरफ्तार, चौथे की तलाश जारी।
कोरबा। दशहरा मैदान में रावण जल रहा था, जश्न का माहौल था और साउंड बॉक्स पर डांस का दौर चल रहा था। लेकिन इसी बीच मामूली विवाद ने ऐसा खूनी मोड़ लिया कि एक परिवार का चिराग बुझ गया। कोरबा के मुड़ापार दशहरा मैदान में डांस को लेकर शुरू हुआ झगड़ा 22 वर्षीय राहुल कुमार उर्फ गोल्डन की हत्या पर जाकर खत्म हुआ। आरोप है कि विवाद के बाद राहुल को पीछे की गली में ले जाकर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए गए। गंभीर रूप से घायल राहुल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
डांस को लेकर विवाद, धक्का-मुक्की से शुरू हुआ झगड़ा
मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार दशहरा मैदान का है। जानकारी के मुताबिक, रावण दहन कार्यक्रम के दौरान साउंड बॉक्स पर डांस करने को लेकर राहुल कुमार और बिट्टू चौहान के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान राहुल ने बिट्टू को धक्का देकर थप्पड़ मार दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे विजय चौहान को भी राहुल ने थप्पड़ मार दिया। इसके बाद विवाद शांत होने के बजाय और भड़क गया।
पीछे की गली में ले गए, चाकू से किए कई वार
आरोप है कि विवाद से नाराज बिट्टू चौहान, विजय चौहान, सीपू चौहान और उनके एक अन्य साथी राहुल को मैदान के पीछे की गली में ले गए। वहां राहुल पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। सामने आई जानकारी के अनुसार, राहुल पर छह से सात वार किए गए। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
तीन गिरफ्तार, चौथे आरोपी की तलाश जारी
युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मुताबिक, पुलिस ने बिट्टू चौहान, विजय चौहान और सीपू चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल हथियार भी जब्त किया गया है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश जारी है।
आरोपियों का अर्धमुंडन कर निकाला जुलूस
वारदात के बाद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का अर्धमुंडन कर जुलूस निकाला। दशहरा जैसे सार्वजनिक उत्सव के दौरान हुई इस हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर डांस को लेकर शुरू हुआ विवाद हत्या तक कैसे पहुंच गया? भीड़भाड़ वाले उत्सव में ऐसी वारदात को रोकने के लिए सुरक्षा के क्या इंतजाम थे? राहुल की मौत के बाद अब इन सवालों के जवाब भी जरूरी हैं।



