छत्तीसगढ़

16 चक्का ट्रक में पीछे से घुसी कार, 2 महिलाओं की मौत, 3 गंभीर घायल

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नेशनल हाईवे-53 पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ओडिशा के संबलपुर से लौट रही एक कार बावनकेरा चौक के पास 16 चक्का ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना पटेवा थाना क्षेत्र की है।

शादी में शामिल होने संबलपुर गए थे सभी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में पांच लोग सवार थे। सभी छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के निवासी बताए जा रहे हैं और ओडिशा के संबलपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शुक्रवार सुबह वापस लौटते समय उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। फिलहाल मृतक महिलाओं की पहचान नहीं हो पाई है।

16 चक्का ट्रक में पीछे से टकराई कार

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर बावनकेरा चौक के पास तेज रफ्तार कार आगे चल रहे 16 चक्का ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

राहगीरों से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव पहुंचाया।

दो महिलाओं की मौत, तीन घायलों को किया गया रेफर

अस्पताल में डॉक्टरों ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल तीन लोगों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी, मृतकों की पहचान की जा रही

हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित न हो। मृतक महिलाओं के शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान करने और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button